बांकेबिहारी मंदिर में बसपा महासचिव सतीश मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महासचिव सतीश मिश्रा शनिवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए और मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद वह गोवर्धन में आयोजित बसपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना हो गए।
शनिवार को मथुरा पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने सबसे पहले वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए। इस दौरान सेवायत गोस्वामीजनों ने उन्हें भगवान का अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया।
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सतीश मिश्रा ने कहा कि बसपा पूरे उत्तर प्रदेश में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कर रही हैं। जिस तरह से ब्राह्मण समाज आतंकित और प्रताड़ित है, इसके लिए उनके बीच जा कर उनकी बात सुन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज का मान, सम्मान छीन लिया गया है। उसको वापस दिलाने के लिए सम्मेलन कर रहे हैं। इसके बाद उनका काफिला गोवर्धन में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गया।