मैनपुरी के थाना औंछा क्षेत्र की ग्रामसभा कुम्हरौआ के गांव दलीपपुर में शनिवार की सुबह खेत पर काम कर रही महिला की उसके देवर ने परिजनों के साथ फावड़ा मारकर हत्या कर दी। शव को खेत में छोड़कर आरोपी भाग गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव निवासी रामवती (48) पत्नी घमंडीलाल यादव शनिवार की सुबह आठ बजे खेत पर पुत्रवधू सुषमा तथा रेनू के साथ काम कर रहीं थीं। आरोप है तभी रामवती का देवर सर्वेश, देवरानी सुषमा, सर्वेश के पुत्र शिवम, नितिन, पुत्री काजल खेत पर पहुंचे। उन्होंने खेत के बीच से होकर पानी निकालने के लिए बरहा (नाली) बनाना शुरू कर दिया।
आगरा: रैगिंग से बचाने की कहकर छात्रा का शारीरिक शोषण, रुपये न देने पर फोटो किए वायरल
नाली बनाने को लेकर हुआ विवाद
रामवती ने जब विरोध किया तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान सर्वेश तथा उसके परिजनों ने फावड़ा मारकर रामवती की हत्या कर दी। परिजनों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुत्रवधू सुषमा की तहरीर पर पुलिस पांच लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
एएसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि पानी के लिए बनाई जा रही नाली को लेकर हुए विवाद में महिला की मौत हुई है। पुत्रवधू की तहरीर पर देवर सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।