कासगंज: नहर में प्रेमी-युगल द्वारा छलांग की जानकारी मिलने के बाद मौके पर मौजूद भीड़
- फोटो : अमर उजाला
वैवाहिक संबंधों में न बंधने से नाराज शहर के प्रेमी युगल ने खौफनाक कदम उठाया। प्रेमिका के बाद प्रेमी ने हजारा नहर में छलांग लगा दी। दोनों को बचाने के लिए गोताखोर भी नहर में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बचा लिया गया। जबकि युवती पानी में डूब गई। उसकी तलाश में पुलिस अभियान चला रही है। एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली है।
मामला शहर के बड्डूनगर का है। यामीन(19) पुत्र शगीर का मोहल्ले की ही एक किशोरी से लगभग दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमीयुगल पिछले चार माह से शादी की जिद पर अड़ गए। पुलिस के मुताबिक प्रेमिका के परिजन यामीन से अपनी बेटी की शादी करने को तैयार नहीं थे। आए दिन दोनों ही परिवारों में कहासुनी होती थी, लेकिन प्रेमी युगल अपनी जिद पर अड़े रहे। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे प्रेमिका घर से दूध लेने के लिए निकली।
काफी देर तक जब घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इधर किसी तरह प्रेमी को जानकारी हुई तो वह भी गांव ततारपुर के समीप हजारा नहर पर पहुंच गया और नहर किनारे प्रेमिका का दुपट्टा देखा उसके बाद प्रेमी ने भी जान देने के लिए नहर में छलांग लगा दी। आस पास लोगों ने जब यह घटना देखी तो गोताखोर प्रेमी को बचाने के लिए नहर में उतरे। गोताखोरों ने अभियान चलाकर प्रेमी की जान बचा ली। जबकि प्रेमिका अभी भी लापता है। प्रेमिका की तलाश में पीएसी फ्लड यूनिट व निजी गोताखोर ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज सोनकर ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। प्रेमिका ने नहर में पहले छलांग लगाई और बाद में प्रेमी कूद गया। प्रेमी को गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया है, जबकि प्रेमिका की तलाश जारी है। कोई तहरीर मिलेगी तक अग्रिम कार्रवाई होगी- मनोज सोनकर, एसपी।
मैनपुरी: संपत्ति के लालच में ससुर की फावड़ा से गला काटकर हत्या, आरोपी दामाद फरार