-बीएसए ने उपायुक्त मनरेगा को भेजी स्कूलों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में बाउंड्रीवाल विहीन स्कूलों को चिन्हित कर उनकी बाउंड्रीवाल कराने का निर्णय लिया गया है। बीएसए दीपिका गुप्ता ने जिले के 130 स्कूलों की सूची उपायुक्त मनरेगा को भेजी है। मनरेगा योजना के तहत परिषदीय स्कूलों में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा।
जिले के परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को गंदगी मिल रही है। इसका कारण स्कूलों की बाउंड्रीवाल का न होना बताया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बीएसए को जिले के बाउंड्रीवाल विहीन स्कूलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए थे। बीएसए ने जिले के 130 स्कूल चिन्हित किए। शासन की ओर से इन स्कूलों में मनरेगा की मदद से बाउंड्रीवाल बनाए जाने का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने संबंधित स्कूलों की सूची उपायुक्त मनरेगा को भेजी है। बीएसए ने बताया कि जल्द ही मनरेगा योजना के तहत जिले के बाउंड्रीवाल विहीन स्कूलों में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा।
कंपोजिट ग्रांट से टूटी बाउंड्री की कराएं मरम्मत
बीएसए दीपिका गुप्ता ने जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि जिन स्कूलों में बाउंड्रीवाल किसी प्रकार से टूट गई है तो उसकी मरम्मत कराई जाए। बीएसए ने कहा कि इसके लिए सभी स्कूलों में कंपोजिट ग्रांट की धनराशि भी भेजी जा चुकी है।