थाने में युवा मोर्चा के अधिकारी...
- फोटो : amar ujala
आगरा के भाजयुमो के उपाध्यक्ष राहुल आर्य का आरोप है कि शुक्रवार शाम को पुलिस लाइन रोड पर उन्हें कार सवार संगठन के महामंत्री शैलू पंडित और उनके साथियों ने रोक लिया। मारपीट के बाद कार में अगवा करने का प्रयास किया। राहगीरों के आने पर वो बचकर भाग निकले। विधायक योगेंद्र उपाध्याय के घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। बाद में थाना नाई की मंडी में तहरीर दी। पुलिस ने अपहरण के प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंद्रा कालोनी, शाहगंज निवासी राहुल आर्य ने बताया कि वह शाम तकरीबन 5:15 बजे धाकरान स्थित होटल मोती पैलेस से स्कूटी पर घर जा रहे थे। सुंदरपाड़ा स्थित एक कोचिंग के पास गढ़ी भदौरिया निवासी कार सवार शैलू पंडित, कृष्णा और सूरज पांडेय सहित दो पहिया वाहन सवार 10-12 अज्ञात लोगों ने रोक लिया। जिस कार में शैलू पंडित थे, उस पर महामंत्री, युवा मोर्चा लिखा था। आरोपी तमंचे दिखाकर कार में खींचकर डालने लगे। मारपीट की। शोर मचाने पर राहगीर जुट गए। इस पर राहुल किसी तरह भाग निकले। इसके बाद विधायक योगेंद्र उपाध्याय के निवास पर पहुंचे। विधायक को जानकारी दी। राहुल कार्यकर्ताओं के साथ थाना नाई की मंडी आए और तहरीर दी। उधर, उनकी स्कूटी भी नहीं मिली है, जो भागते समय छूट गई थी।
थाना नाई की मंडी के प्रभारी निरीक्षक शाह नजर अहमद का कहना है कि शैलू पंडित, कृष्णा, सूरज और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें अपहरण का प्रयास और मारपीट का आरोप लगाया गया है। विवेचना की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष गौरव राजावत का कहना था कि शैलू मौके पर नहीं था। उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। कुछ कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया था। शैलू की गाड़ी को एक कार्यकर्ता लेकर गया था। जो भी दोषी है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
संगठन के गठन से पहले बढ़ी तनातनी
राहुल आर्य का कहना है कि संगठन में पदाधिकारियों का पुनर्गठन होने वाला है। वो अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। इससे ही संगठन के अन्य पदाधिकारी खफा हैं। दबाव बनाने के लिए उन पर हमला किया गया।