कोतवाल को चप्पल मारती भाजपा की महिला कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के वृंदावन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच शनिवार को भिड़ंत हो गई। पुलिस ने कुंभ मेला में देवरहा बाबा घाट पर स्नान के दौरान संघ के जिला प्रचारक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की तो चौराहों पर पुलिसकर्मियों को भाजपाइयों ने पीट दिया।
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराने गए संघ जिला प्रचारक और भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा दीं। इसमें कार्यकर्ता लहूलुहान हो गए तो भाजपा की जिला पंचायत सदस्य ने इंस्पेक्टर कोतवाल पर चप्पल चला दी। इस घटना के बाद दिनभर जिला संयुक्त चिकित्सालय छावनी बना रहा।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वृंदावन कुंभ क्षेत्र स्थित देवरहा बाबा घाट पर यमुना स्नान करने गए आरएसएस के जिला प्रचारक मनोज और अन्य स्वयंसेवकों के साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्रता कर दी। आरोप है कि जिला प्रचारक के साथ मारपीट की गई। इस सूचना पर संघ और भाजपा कार्यकर्ता कुंभ क्षेत्र में जुटने लगे।
कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ कुंभ क्षेत्र और नगर निगम चौराहा पर मारपीट कर दी। जिला प्रचारक के साथ मारपीट की सूचना पर आरएसएस और भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए।