सदस्यता अभियान कार्यक्रम में मौजूद भाजपाई
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय बूथ चलो अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया। बूथ मजबूत कर मिशन 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं के दम पर समाज के हर वर्ग में पकड़ मजबूत करने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चला रही है।
अभियान में बूथ पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण और नये वोटर बनाने का कार्य चल रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजना से लाभान्वित लोगों को भाजपा से जोड़ा जा रहा है। अभियान में भारतीय जनता पार्टी, मोर्चा प्रकोष्ठ और प्रकल्प सबको अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
बृज क्षेत्र मीडिया संपर्क प्रमुख केके भारद्वाज के नेतृत्व में शुक्रवार को बोदला-सिकंदरा रोड प्राइमरी पाठशाला के पास कैंप लगाकर सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। 141 नए लोगों ने सदस्यता ली। अमित गोस्वामी, महानगर सह संयोजक राजेश वर्मा, संतोषी लाल वर्मा, ओमप्रकाश गोला, मनोज शर्मा, आलोक कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को दिए वोटर बनाने के टिप्स
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला संगठन की बैठक ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर हुई। बैठक में यंग वोटर्स अभियान पर चर्चा की गई। युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री केके गौतम, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सहदेव शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर 20 नए वोटर बनाने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने कहा कि जनवरी, 2019 में जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं उनका वोट बनवाया जाए। इस कार्यक्रम के लिए छह विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। युवा मोर्चा ने तीन दिन में पांच हजार नए वोटर बनाने का भरोसा दिलाया।
पिछड़ा वर्ग के मंडल अध्यक्षों की सूची जारी
वहीं भाजपा के महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा महानगर के मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इनमें लाखन कुशवाह (ताज मडंल), उज्जला सिंह (छावनी), बाबू लाल लोधी (रावली), सुनील बघेल (मधु नगर), राजू राठौर (राजेश्वर), प्रताप धाकड़ (सुभाष मंडल), मनोज जोशी (माधव मंडल), सुनील राठौर (मनकामेश्वर), सुरेंद्र कोटिया (शिवाजी मंडल), अजय चौधरी (कैलाश मंडल), मुनेष प्रजापति (गोपेश्वर मंडल), शेखर कुशवाह (बल्केश्वर मंडल), पवन निषाद (दयालबाग), हरी सिंह (रामबाग), राजेंद्र वर्मा (सीता नगर मंडल) और प्रदीप राठौर को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया है।