आगरा। सिकंदरा के बाईपास रोड स्थित भाग्य नगर काॅलोनी में रहने वाले भाजपा नेता ओमप्रकाश (चलनी) के भाई का गहनों से भरा बैग ट्रैवल्स कंपनी की कार से चोरी हो गया। उन्होंने सिकंदरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा नेता ने बताया कि उनके भाई छत्रपाल के बेटे आकाश की शादी में दिल्ली में रहने वाले भाई जितेंद्र परिवार के साथ आए थे। 10 दिसंबर को उनके वापस जाने के लिए उन्होंने शास्त्रीपुरम की एक ट्रैवल्स एजेंसी से कार बुक की थी। चालक ने सारा सामान कार में ऊपर लाद दिया था। इसके बाद उसे पहले सुल्तानगंज की पुलिया पर कार रोक किसी से बात की। इसके बाद मथुरा में एक ढाबे पर एक घंटा कार रोके रखी।
घर पर सामान उतारने के बाद देखा तो उसमें गहनों का बैग नहीं था। बैग में 200 ग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण थे। इंस्पेक्टर सिकंदरा का कहना है कि शिकायत पर जांच की जा रही है।