12एमएनपी-14-शहर के पाठक नर्सिंग होम पर निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. एके पांडेय
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में प्रदूषण रोकने और बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए बुधवार को सीएमओ ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी के साथ जिले के पांच निजी अस्पताल और एक पैथोलॉजी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक नर्सिंग होम पर अनियमितता मिलने पर सीएमओ ने उसका पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय बुधवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण क्षेत्रीय अधिकारी जेबी सिंह और जिला पॉलिथीन नियंत्रण टीम के साथ राधारमन रोड स्थित दयानिधि हॉस्पिटल, भगवती हॉस्पिटल, दयाल नर्सिंग होम, कचहरी रोड स्थित दिव्या हॉस्पिटल, एकता पैथोलॉजी व पाठक नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दिव्या नर्सिंग होम पर अव्यवस्थाएं मिलीं। सीएमओ ने इस नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं अन्य केंद्रों पर पॉलिथीन व बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण की जांच की गई। इसमें कुछ पर अनियमितता पाई गईं। इसके चलते संबंधित केंद्र संचालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पॉलिथीन कंट्रोल टीम प्रभारी डॉ. सीएम यादव, विकास गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
डीएम की सख्ती के बाद अफसर निकले दफ्तर से
बायो मेडिकल वेस्ट को लेकर कार्रवाई की शुरुआत जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने की है। उन्होंने मंगलवार को अचानक प्राइवेट अस्पतालों का निरीक्षण किया था। खामी मिलने के बाद सीएमओ को कार्रवाई के निर्देेश दिए थे। डीएम के निर्देश के बाद ही स्वास्थ्य विभाग के अफसर अपने दफ्तरों से बाहर निकले हैं।