कार की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत
- दन्नाहार क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने कराया पोसटमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र में बिघरई के पास मोड पर एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नेकापुर निवासी राज बहादुर का पुत्र सुनील कश्यप (38) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार की सुबह वह बाइक से खेत पर जा रहा था। बिघरई महटौली के बीच मोड़ पर सामने से आ रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस बीच सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन ने बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने अब भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। मजदूर की मौत के बाद पत्नी व अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।