सहावर(कासगंज)। सहावर-गंजडुंडवारा मार्ग पर दोपहर के समय एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। इस दुर्घटना में मां की गोद से छिटककर एक साल की मासूम बच्ची दूर जा गिरी उसके हल्की खरोंचे भी आईं। सूचना पर नदरई से परिवार के लोग सहावर पहुंचे। पुलिस ने दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक जाहिद (35) एवं उसकी पत्नी शहनाज अपनी एक साल की बच्ची गुड़िया निवासी नदरई कासगंज के साथ गंजडुंडवारा अनिल से अपने पैसों का तकादा करने गए थे, लेकिन अनिल नहीं मिला तो वापस बाइक से लौट रहे थे। तभी गंजडुंडवारा-सहावर रोड पर मुलायम सिंह इंटर कॉलेज के सामने अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में बाइक सवार दंपती आ गए और दोनों की मौके पर मौत हो गई, लेकिन इस दुर्घटना के दौरान मां शहनाज के हाथ से एक साल की मासूम बच्ची गुुड़िया छिटक कर दूर जा गिरी, लेकिन गुड़िया बच गई उसे मामूली खरोंचे आईं। दुर्घटना होते ही मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तीन बच्चे हो गए अनाथ
दंपती जाहिद और शहनाज की मौत हो जाने से उनके तीन बच्चे अनाथ हो गए। एक साल की बेटी दुर्घटना के वक्त उनकी गोद में ही थी, लेकिन उसकी जान बच गई। जबकि बड़ा बेटा अरशद 6 वर्ष का है और छोटा बेटा डब्बू 3 वर्ष का है।
अनिल ने कर दिया था 3 लाख का घपला
भाई जमील अहमद एवं चचेरे भाई इरशाद ने बताया कि जाहिद मेहनत मजदूरी का काम करता था। उसके तीन लाख रुपये नदरई के एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र को संचालित करने वाले अनिल पर थे। उन्होंने उस पैसे का अनिल पर घपला करने का आरोप लगाया। वह अपने पैसे लेने के लिए गंजडुंडवारा अनिल के घर गए थे, लेकिन अनिल नहीं मिला। पैसों के तकादे के कारण दोनों की जान चली गई।