उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे एंटी रोमियो अभियान का भी मनचलों पर खास असर नहीं पड़ रहा है। स्कूल कॉलेजों के बाहर छात्राओं के साथ छेड़खानी की वारदातें सामने आ रही हैं। मैनपुरी में बाईपास रोड पर शनिवार की दोपहर कुछ ऐसा ही मामला सामने आया। बाइक सवार मनचलों ने स्कूल से घर जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी की। इतना ही नहीं साइकिल सवार छात्रा की आरोपी युवकों ने चोटी खींच दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई।
मामला मैनपुरी में बाईपास रोड का है। दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा शनिवार को साइकिल से कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक इंटर कॉलेज आई थी। दोपहर के समय वह साइकिल से वापस घर लौट रही थी। बाईपास रोड पर स्टेडियम के पास से बाइक सवार दो युवक उसके पीछे लग गए। कुछ दूर जाने पर छात्रा ने मुड़कर देखा तो युवकों ने अभद्र इशारे किए। छात्रा भयभीत होकर वहां से तेजी के साथ जाने लगी तो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
कुछ आगे जाने के बाद बाइक सवारों ने छात्रा की चोटी खींची, जिससे वह सड़क पर गिरा गई। छात्रा के सड़क पर गिरने के बाद भी आरोपी बाइक सवार नहीं माने और छात्रा से अभद्रता करने लगे। छात्रा के शोर मचाने पर बाइक सवार युवक वहां से भाग गए। छात्रा ने अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी तो वह लोग उसे घर ले गए। वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा ऐसी कोई शिकायत न मिलने की बात कही गई है।