कासगंज। जनपद में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए। हादसों में एक बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में लोडर टेंपो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें दो बाइक सवार घायल हो गए। उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है।
सोमवार को गंजडुंडवारा सहावर मार्ग पर गढ़का के निकट हुए सड़क हादसे में बाइक सवार आशीष (22) जवर सिंह निवासी मुजफ्फरा थाना दादों जनपद अलीगढ़ की मौत हुई। वह अपनी ननिहाल पटियाली से वापस अपने गांव बाइक से जा रहा था। गढ़ा के निकट खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे ग्रामीणों ने चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसने जिला अस्पताल पर दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना गंजडुंडवारा के गांव चौड़ियाई के निकट हुई। कौशल (19) पुत्र रामनिवास निवासी इमादपुर राजा का रामपुर एटा और राघवेंद्र (18) पुत्र राजवीर सिंह निवासी अंगदपुर राजा का रामपुर एटा बाइक से मंशादेवी माता मंदिर से दर्शन कर अपने गांव जा रहे थे। जब वह गंजडुंडवारा के गांव नकडरू के निकट पहुंचे तो सामने तेज गति से आ रहे लोडर टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया।