मैनपुरी। बकाया बिल वसूल करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभारी अधीक्षण अभियंता ने शुक्रवार को तीनों खंडों की समीक्षा की। उन्होंने अवर अभियंताओं को बकाया बिल वसूल करने और बेहतर बिजली आपूर्ति देने के निर्देश दिए।
पॉवर हाउस स्थित कार्यालय में प्रभारी अधीक्षण अभियंता जीसीएल भटनागर ने तीनों खंडों में आपूर्ति और बकाया वसूली की समीक्षा की। उप खंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के आदेशों का पालन कराने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि एक साल, छह माह और तीन माह से अधिक के बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाएं। तीन माह से कम के बकाया पर कनेक्शन न काटा जाए बल्कि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए कहा जाए।
हाई लाइनलॉस फीडर पर चेकिंग कर लॉस कम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एकमुश्त समाधान योजना में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पंजीकृत कर लाभ दिलाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। अगर इसमें कहीं भी लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता प्रथम मागेंद्र कुमार अग्रवाल और अधिशासी अभियंता द्वितीय आशीष गुप्ता के अलावा उप खंड अधिकारी प्रथम पदम गर्ग, ब्रजेश कुमार आदि मौजूद रहे।