ताजगंज स्थित एडीए हाइट्स स्थित फ्लैट में बुधवार रात को चिकित्सक प्रतिश बंसल (32) का शव मिला। वह यहां किराए पर रहते थे। तीन दिन से उनका मोबाइल फोन नहीं उठ रहा था। इस कारण साथी चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को आशंका आत्महत्या की है लेकिन मौके पर सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मूल रूप से बिहार के छपरा निवासी प्रतिश पुत्र चंद्रभूषण बंसल बाग फरजाना स्थित सनराइज डायग्नोस्टिक सेंटर में रेडियोलॉजिस्ट थे। लॉकडाउन के कारण डायग्नॉस्टिक सेंटर बंद था। इस कारण अपने फ्लैट पर ही रह रहे थे। तीन दिन से उनका फोन नहीं उठ रहा था। इससे साथियों को चिंता हुई।
ये भी पढ़ें: लॉकडाउन में लाचारी: पैदल चलते-चलते थक गया बेटा तो मां ने सूटकेस पर लिटाकर तय किया सफर
उन्होंने कई बार फोन लगाया। जब नहीं उठा तो बुधवार को कुछ साथी फ्लैट पर आए। मगर, फ्लैट अंदर से बंद था। घंटी बजाने पर भी प्रतिश नहीं आए। गेट पीटा, पर इससे भी वह नहीं आए। इस पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फ्लैट के दरवाजे की कुंडी तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। प्रतिश का शव फर्श पर पड़ा था। आसपास कुछ भी नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदेह
पुलिस को पहले शक था कि प्रतिश ने सुसाइड किया है लेकिन वहां सुसाइड नोट नहीं मिला। शव पर कोई निशान नहीं है। न ही कोई जहरीला पदार्थ घर में मिला। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
सुराग
प्रतिश की मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से भी बात की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। साथी भी सिर्फ इतना बता पाए कि वह फोेन नहीं उठा रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि परिजनों के पहुंचने पर उनसे बातचीत में कुछ सुराग मिलेगा।
सैंपल
पुलिस ने शव का कोरोना सैंपल भी कराया है। इसकी रिपोर्ट दो दिन में आ जाएगी। यह एहतियात के तौर पर कराया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इससे पता चल जाएगा कि वह संक्रमित तो नहीं थे।
कोरोना रिपोर्ट के बाद होगी फ्लैट की तलाशी
डाक्टर प्रतिश बंसल की मौत कैसे हुई? यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल सकेगा। मामला आत्महत्या का तो नहीं, इस पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल कोरोना टेस्ट कराया गया है। इसकी रिपोर्ट आने पर ही फ्लैट की तलाशी ली जाएगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव तीन दिन पुराना लग रहा है। -विकास जायसवाल, क्षेत्राधिकारी सदर