वृंदावन में जाम से मुक्ति दिलाने के लिए शुक्रवार यानि आज से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। पुलिस, प्रशासन और परिवहन निगम ने कई विभागों के संग मिलकर इस प्लानिंग पर बृहस्पतिवार को मंथन करके अमलीजामा पहनाया गया। ई-रिक्शा चालकों को आज से रूट निर्धारित किए जाएंगे।
- हाईवे से आने वाले ऑटो, टेंपो छटीकारा चौराहा तक जाएंगे।
- मथुरा शहर की तरफ से आने वाले ऑटो, टेंपो सौ शैय्या अस्पताल एवं कैलाश चौराहा तक जाएंगे।
- यमुना एक्सप्रेसवे और राया से आने वाले ऑटो, टेंपो पानीघाट तिराहा तक आएंगे।
जिले में सबसे अधिक भीड़ वृंदावन में हो रही है। विशेषकर होली के आसपास एकादशी पर परिक्रमा लगाने वालों की संख्या 10 लाख तक पहुंच गई थी और श्रीबांकेबिहारी के दर्शन वालों की संख्या पांच लाख थी। प्र्रशासन और पुलिस की सारी व्यवस्था धरी की धरी रह गई थीं। पूरा शहर जाम हो गया था। इसको लेकर वृंदावन के विभिन्न संगठनों ने प्रशासन के साथ बैठक भी की थी। पुलिस ने सर्वे करके पाया था कि ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के कारण वृंदावन में जाम लग रहा है। साथ ही सड़कों पर अतिक्रमण भी जाम का कारण है।
पिछले शनिवार को यूपी तीर्थ विकास परिषद ने प्राधिकरण, पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, एआरटीओ समेत अन्य विभागों की बैठक बुलाकर यही कहा था कि अगर श्रद्धालुओं को मथुरा आकर परेशानी होगी तो पर्यटक यहां क्यों आएंगे। धार्मिक नगरी की आर्थिक व्यवस्था पर्यटकों पर ही निर्भर है। इसलिए परिषद ने वृंदावन, बरसाना व गोवर्धन में जाम से छुटकारा पाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। परिषद के सीईओ नागेंद्र प्रताप ने बताया कि जाम की समस्या हल करने के लिए कार्य योजना शुरू कर दी गई है, शीघ्र ही बदलाव दिखेगा।