पेट्रोल, डीजल और घरेलू सिलिंडर के बाद अब सीएनजी और पीएनजी भी महंगी हो गई है। आगरा में ग्रीन गैस लिमिटेड के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर विनय भारद्वाज ने बताया कि सीएनजी के दामों पर 11.03 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। अब यह 83.53 रुपए प्रति किलो मिलेगी। इससे पहले इसकी कीमत 72.50 रुपए थी।
पीएनजी पर 6.50 रुपए प्रति किलो बढ़े हैं। अब इसकी कीमत 45 रुपये हो गई है। इससे पहले 38.50 रुपये थी। स्लैब दो में इसकी कीमत में 8.04 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब इसके दाम 53.13 रुपये है, पहले इससे कीमत 45.09 रुपये थी।
इंडस्ट्रियल और कामर्शियल गैस में 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, इसकी कीमत 61 रुपये है पहले 57 रुपये थी। फैक्टरी वालों के लिए गैस की कीमत में 6.92 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। अब इसकी कीमत 82.54 रुपये हो गई है, इससे पहले इसकी कीमत 75.62 रुपये थी।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े देसी घी की मिठाई के दाम
अगर आप मिठाई के शौकीन है तो अपनी जेब ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए। क्योंकि शुक्रवार से देसी घी की मिठाइयों के दाम में प्रति किलो पर 20 रुपये बढ़ जाएंगे। एक महीने में दूसरी बार मिठाई के दाम बढे़ है।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल मिठाई प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिशिर भगत ने बताया कि दूध और घी पर लगातार बढ़ रहे दामों से मिठाई की कीमतों में इजाफा हुआ है। इससे पहले एक मार्च को देसी घी की मिठाइयों के दाम 20 रुपये बढ़ाए गए थे। अब 20 रुपये की और बढ़ोतरी की गई है।
खाद्य सामग्री महंगी होने से बढे़ दाम
आगरा स्वीट्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्रेटरी जय अग्रवाल ने बताया कि घी, तेल, गैस चीनी आदि सामान की कीमतों में लगातार इजाफा होने का असर मिठाइयों पर भी पड़ा है। लागत ज्यादा लगने के कारण मिठाइयों पर पैसा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कीमत कम होने से लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। अगर खाद्य सामग्री सस्ती होगी तो मिठाइयों के दाम भी कम होंगे।