मैनपुरी। खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार वर्मा ने सोमवार को विकास खंड के स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षाधिकारी को प्राथमिक विद्यालय जसरऊ बंद मिला। वहीं कई अन्य स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित मिले। कुछ स्कूलों में समय के बाद प्रार्थना कराई जा रही थी। खंड शिक्षाधिकारी ने अनुपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। खंड शिक्षाधिकारी ने अपनी निरीक्षण आख्या बीएसए को कार्रवाई के लिए भेजी है।
खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय जसरऊ 9:10 पर बंद मिला। विद्यालय का मुख्य गेट खुला हुआ था और बच्चे अंदर प्रांगण में घूम रहे थे। सहायक अध्यापक राजकुमार 9:12 बजे निरीक्षण के समय उपस्थित हुए। खंड शिक्षाधिकारी ने 9:42 बजे प्राथमिक विद्यालय खेरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक दिव्या उपस्थित पाई गईं। प्रधानाध्यापक संध्या दीक्षित और शिक्षामित्र कप्तान सिंह अनुपस्थित थे।
बच्चे प्रांगण में खेल रहे थे। ना तो इस समय तक प्रार्थना सभा हुई थी और ना ही कक्षाएं संचालित हुई थी। 9: 55 बजे कंपोजिट विद्यालय भाऊपुर का निरीक्षण करने पर सहायक अध्यापक बृजभान सिंह, सहायक अध्यापक संदीप कुमार और सहायक अध्यापिका अनुमेहा अनुपस्थित पाई गईं। प्राथमिक विद्यालय चांदपुर में 9:24 बजे प्रार्थना होती पाई गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय चांदपुर गुलालपुर में 9.33 पर प्रार्थना के उपरांत पीटी होती मिली, जबकि इसका समय 9 बजे तक का होता है। नौ बजे से सुव्यवस्थित तरीके से कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाना चाहिए। निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए बीएसए को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।