मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव बरहिया निवासी एक सैनिक ने शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान खुद को राइफल से गोली मार ली। खुदकुशी की खबर गांव पहुंची तो परिजन में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोग शव लेने के लिए पठानकोट रवाना हो गए। शनिवार देर शाम तक शव गांव नहीं पहुंचा था।
बरनाहल क्षेत्र के गांव बरहिया निवासी यदुवीर सिंह (40) वर्ष 2002 में सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब के पठानकोट में थी। शुक्रवार को ड्यूटी के समय यदुवीर ने राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के कुछ देर बाद ही सैनिक की मौत हो गई। पठानकोट से खुदकुशी की खबर जैसे ही गांव बरहिया पहुंची तो परिजन में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोग शव लेने के लिए पठानकोट रवाना हो गए। यदुवीर ने खुदकुशी क्यों की इसको लेकर अभी कोई कारण सामने नहीं आया है। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि सैनिक के तीन बच्चे 17 वर्षीय रितिक, 12 वर्षीय लवी और 8 वर्षीय कृष्णा है।