इंडिगो एयरलाइंस ने मुंबई-आगरा उड़ान 25 मार्च से बंद करने का फैसला लिया है, लेकिन आगरा-बेंगलुरु उड़ान को एक दिन बढ़ा दिया है। अभी तक यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को आगरा आती रही है, लेकिन 27 मार्च से यह सप्ताह में चार दिन यानी रविवार को भी आएगी। इस उड़ान से हर दिन 350 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं। एक साल से यही उड़ान बरकरार है, जबकि अन्य उड़ानें इंडिगो कई बार बंद कर चुकी है।
फिर लगाई पुरानी खटारा बसें
आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस ने कमिश्नर अमित गुप्ता के आदेश पर खेरिया हवाई अड्डे से अर्जुन नगर तक यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें लगाई थीं। इन इसों के समय पर न पहुंचने के कारण यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद इलेक्ट्रिक बसें हटाकर फिर से पुरानी मार्कोपोलो बसें एयरपोर्ट पर लगाई गई हैं।
आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक इलेक्ट्रिक बसें 12 बजे से पहले एयरपोर्ट नहीं पहुंच सकतीं, जबकि यात्रियों को 12.30 बजे की उड़ान से एक घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होता है। इलेक्ट्रिक बसें 12 बजे के बाद पहुंच रही थीं। ऐसे में फिर से पुरानी बसें गेट पर लगाई गई हैं।