फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रॉला की टक्कर से बाबा और नाती की मौत, हंगामा

विज्ञापन
थाना ताजगंज स्थित देवरी गढ़ी दिगनेर रोड पर हादसे के बाद लोगों से बात करती पुलिस। संवाद - फोटो : Agra City
विज्ञापन
आगरा। शमसाबाद-दिगनेर मार्ग पर गांव देवरी गढ़ी मोड़ पर शुक्रवार दोपहर को सामने से आते ट्रॉला की टक्कर से बाइक सवार बाबूलाल (71) और उनका नाती माता प्रसाद उर्फ बंटू (27) की मौत हो गई। दोनों ट्रॉला के पहियों में बाइक सहित फंसकर 50 मीटर तक घिसटते चले गए। बाद में चालक ट्रॉला को छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। हादसे से जाम भी लग गया। पुलिस ने तीन घंटे में तीन क्रेन की मदद से ट्रॉला को उठाकर शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद ही जाम खुल सका।
विज्ञापन

गांव गंगरऊआ, बरौली अहीर निवासी बाबूलाल बीमार चल रहे थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे नाती माता प्रसाद उर्फ बंटू (27) बाबा को दिखाने भरतपुर के गांव लखनपुर जा रहा था। शमसाबाद-दिगनेर मार्ग पर गांव देवरी गढ़ी मोड़ पर सामने से आते टाइल्स से लदे ट्रॉला की बाइक में टक्कर लग गई। हादसे के बाद भी चालक ने ट्रॉला नहीं रोका। इस पर बाबा और नाती तकरीबन 50 मीटर तक बाइक सहित घिसटते चले गए। यह देखकर लोग जुट गए। इस पर चालक ट्राला खड़ा करके भाग गया। घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। हादसे से जाम भी लग गया। सूचना पर एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए।
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि बाबा और नाती के शव ट्रॉला के पहियों में फंसे हुए थे। उन्हें निकालने के लिए तीन क्रेन लगाई गई थीं। क्रेन से ट्रॉला को उठाया गया। तब शव निकले। इससे तीन घंटे तक रास्ता अवरुद्ध रहा। लोगों को रास्ता डायवर्ट करके निकाला गया। ट्रॉला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, ग्रामीण मुआवजा देने पर ही शवों को उठाने की कहने लगे। बंटू के दो बच्चे हैं। उस पर ही परिवार की जिम्मेदारी थी। इस पर एसपी सिटी ने ग्रामीणों को समझाया। मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हादसे की वजह सड़क के एक तरफ पर लगा एक सूखा पेड़ बना है। जांच में पता चला है कि इस पेड़ से बचने के लिए लोग वाहनों को दूसरी तरफ ले जाते हैं। इससे हादसे होते हैं। दो बार पहले भी लोगों की जान जा चुकी है। इस तरफ प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान खींचा गया है, जिससे आगे फिर कभी हादसा नहीं हो। पेड़ को हटवाने को लेकर वार्ता की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें