आजादी अमृत महोत्सव: मैराथन दौड़ में शामिल सैन्य अधिकारी
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत एकीकृत रक्षा कर्मचारी मुख्यालय की ओर से आयोजित मैराथन दौड़ शनिवार को आगरा पहुंची। यहां सैन्य अफसरों का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। रविवार सुबह इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से ब्रिगेडियर पीके सिंह एसएम ने दौड़ को झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। यह मैराथन दौड़ सात दिनों में 350 किमी की दूरी तय करेगी।
इस दौड़ की शुरुआत 15 अक्तूबर को ग्वालियर में महारानी लक्ष्मी बाई स्मारक से हुई है, जो 21 अक्तूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समाप्त होगा। एकजुटता से जीत के नारे के साथ मैराथन दौड़ की टीम का नेतृत्व 56 वर्षीय कोमोडोर जोगिंदर चंदना कर रहे हैं, जो टीम के सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं।
लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि मैराथन दौड़ के धावक शनिवार को आगरा पहुंचे और रविवार की सुबह हरी झंडी दिखाकर शहर के अंदर और आसपास 50 किमी की दूरी तय की।