आगरा। विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में शुक्रवार को अतिथि गृह में बैठक हुई। बैठक में प्रभारी कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर शुरू होने वाले आवासीय इकाई के पाठ्यक्रमों में प्रोजेक्ट वर्क, फील्ड वर्क, इंटर्नशिप, ट्रेनिंग और प्लेसमेंट पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पाठ्यक्रम समाप्त होते ही छात्र-छात्राओं को रोजगार भी प्राप्त हो जाए।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन शैक्षणिक सत्र 2022-23 में आवासीय इकाई में छात्र-छात्राओं की संख्या को बढ़ाकर दोगुना करना चाहता है। वर्तमान में करीब 3500 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है। सत्र 2022-23 में पुराने पाठ्यक्रमों के साथ स्नातक स्तर के नए पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। बोर्ड ऑफ स्टडीज में पाठ्यक्रमों की रूपरेखा तय हो चुकी है। विद्या परिषद, कार्य परिषद में पाठ्यक्रमों पर मुहर लगनी है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में करीब 4000 सीटें हैं। नए पाठ्यक्रमों के शुरू होते ही सीटों की संख्या और बढ़ जाएगी।
बैठक में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, प्रो. यूसी शर्मा, प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रो. अनिल वर्मा, प्रो. मीनाक्षी श्रीवास्तव, प्रो. प्रदीप श्रीधर, प्रो. संजीव कुमार, प्रो. संजय चौधरी, प्रो. वीके सारस्वत, प्रो. शरद उपाध्याय, प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. बीपी सिंह उपस्थित रहे।
आवासीय इकाई में पढ़ाने वाले अतिथि और संविदा शिक्षकों के वेतन निर्धारण के लिए एक चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। प्रो. वीके सारस्वत, प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रो. शरद उपाध्याय और प्रो. अरशद समिति में रखे गए हैं। समिति आवासीय इकाई के पाठ्यक्रमों की प्रकृति का निर्धारण करेगी, पाठ्यक्रम की आय-व्यय के अनुरूप उसमें नियुक्त किए जाने वाले अतिथि या संविदा शिक्षकों की संख्या का निर्धारण करेगी और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराएगी। यह चयन प्रक्रिया मई माह में पूरी की जानी है।
- 2 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से प्रवेश समिति की ऑनलाइन बैठक होगी।
- 3 जून को अपराह्न तीन बजे से परीक्षा समिति की ऑनलाइन बैठक होगी।
- 3 जून को ही शाम पांच बजे वित्त समिति की बैठक होगी।
- 4 जून को पूर्वाह्न 11 बजे विद्या परिषद की बैठक ऑनलाइन होगी।
- 5 जून को अपराह्न तीन बजे कार्य परिषद की बैठक बृहस्पति भवन में होगी।