आगरा। अतिक्रमण हटाने के अभियान में शुक्रवार को बल्केश्वर से कमला नगर मुख्य बाजार तक प्रशासन और नगर निगम टीम ने बुलडोजर से 180 अतिक्र मण ध्वस्त किए। 83 ठेल हटवाए। इस दौरान गंदगी और प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त कर करीब 49,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला के नेतृत्व में निकली टीम ने बल्केश्वर चौराहे पर शनि मंदिर से वाटरवर्क्स चौराहे होते हुए कमला नगर बाजार तक सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण ध्वस्त किए। नगर निगम के बुलडोजर ने 93 टिन शेड, 66 लोहे के काउंटर, 14 खोखे, 7 स्थायी रैंप ध्वस्त कीं। इनसे 26 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। सड़क पर खड़े 83 ठेल हटवाए गए। कार्रवाई देखकर बल्केश्वर में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और ताले लगाकर चले गए।
नगर निगम की टीम ने दो किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की, 10 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला। एक स्थान पर कोयले की भट्ठी जलती पाई गई, जिसे ध्वस्त कर एनजीटी के आदेश के तहत 10 हजार रुपये जुर्माना लिया गया। गंदगी करने पर 3500 रुपये का जुर्माना दुकानदारों से वसूला गया। कुल 49,500 रुपये शमन शुल्क नगर निगम कोष में जमा कराया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम संजीव शाक्य, जेडएसओ महेंद्र सिंह, एसएफआई रचना गुप्ता, अवर अभियंता इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे।