आगरा के अछनेरा कस्बा स्थित भरतपुर रोड पर संचालित कमला गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार दोपहर उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलिंडर न मिलने से नाराज कुछ लोगों ने एजेंसी पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने न केवल दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि बीच-बचाव करने आए कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब आठ-दस लोग गैस सिलिंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे। स्टॉक की कमी या किसी तकनीकी कारण से गैस न मिलने पर उनका एजेंसी कर्मियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हंगामा कर रहे लोगों ने कार्यालय में रखे सामान को तहस-नहस कर दिया।