ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इस बार के चुनाव में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा के जरिये फिरकापरस्ती का जहर खत्म करेंगे। भाजपा नफरत की राजनीति करती है और सपा महज एक जातिवादी पार्टी है। सपा, बसपा और भाजपा ने नफरत पैदा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मजबूर और मजलूम मिलकर जालिमों का मुकाबला करेंगे।
असदुद्दीन ओवैसी रविवार को फिरोजाबाद के पीडी जैन कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं दिलों को मिलाने की बात करता हूं जबकि भाजपा आवाम के बीच नफरत का बीज बो रही है। औवेसी ने कहा कि मुस्लिम माता-बहनें 20 फरवरी को मतदान के लिए घरों से निकलते वक्त चेहरे पर नकाब और हिजाब पहन कर निकलें ताकि नफरत की राजनीति करने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिल सके।
स्थानीय प्रत्याशियों पर भी साधा निशाना
15 मिनट के चुनावी भाषण में ओवैसी ने स्थानीय सपा और बसपा प्रत्याशियों पर कटाक्ष किए। कहा कि कभी अखिलेश यादव का कलमा पढ़ने वाले लोग अब बसपा की गोद में हैं। उन्होंने बसपा में शामिल होने वाले प्रत्याशी का नाम लेते हुए कहा कि अब उनका वक्त आ गया है कि वे अब घर पर बैठें। वहीं सपा प्रत्याशी पर तंज कसते हुए कहा कि तीस साल की दोस्ती को दगा देने वाला व्यक्ति भला आम जनता के दुख दर्द को कैसे समझेगा और कितना वफादार होगा।