आगरा। लखनऊ स्थित चौक स्टेडियम के बहुद्देशीय सभागार में 10 व 11 जनवरी को आयोजित चतुर्थ मर्दानी स्पोर्ट्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने प्रथम, उत्तर प्रदेश ने द्वितीय तथा हरियाणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में देश के 16 राज्यों से लगभग 350 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश टीम की ओर से प्रतिभाग करते हुए आगरा के आर्यन सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। गायत्री पब्लिक स्कूल, आगरा के कक्षा छह के छात्र आर्यन सिंह ने अंडर-12 वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। तमिलनाडु के श्यामसुंदर से फाइनल मुकाबले में उन्हें शिकस्त मिली लेकिन अपने दमदार प्रदर्शन से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और जनपद का नाम रोशन किया। आर्यन सिंह के पिता अमित कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और वर्तमान में थाना खंदौली क्षेत्र के टोल प्लाजा चौकी पर तैनात हैं। परिवार मूल रूप से मैनपुरी की आवास विकास कॉलोनी का निवासी है तथा वर्तमान में शास्त्रीपुरम, आगरा में निवास कर रहा है। बृहस्पतिवार को आर्यन की उपलब्धि की जानकारी मिलने पर बिचपुरी ब्लॉक प्रमुखपति एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष सोनू दिवाकर ने उसे 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस अवसर पर संयुक्त सचिव गौरव राजपूत, कोच प्रशांत कुमार, दैविक कुमार आदि मौजूद रहे।