आगरा के थाना सदर की पुलिस ने सेना के अफसरों के घरों में चोरी करने वाले एक सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। कब्जे से चांदी का सिक्का, चांदी की प्लेट, एक जोड़ी पायल और अन्य सामान बरामद किया।
सदर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि 13 जुलाई को आर्मी के एक अफसर की पत्नी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घर में सो रही थीं। इस दौरान एक चोर घर में आया और उनके कमरा बाहर से लॉक कर दिया। इसके बाद घर से चोरी करके भाग गया। इससे पहले भी 28 मार्च को एक आर्मी अफसर के घर में चोरी की घटना हो चुकी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान की। इसके बाद शनिवार को सीओडी मैदान के पास से सदर के आर्मी एरिया के मैप कॉलोनी निवासी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले आर्मी एरिया में साफ-सफाई का काम करता था। इस वजह से गेट पर सभी लोग उसे जानते हैं।
इस बात का फायदा उठाकर अफसरों के क्वार्टरों की तरफ चला जाता। जिस भी अफसर का क्वार्टर बंद होता या कोई सो रहा हाता तो चोरी करके वापस लौट जाता। भारी सामान चोरी नहीं करता था। जिससे किसी को शक हो।