आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने सोमवार रात को 25 हजार के इनामी बदमाश दीपक उर्फ दीपू को ट्रांसपोर्ट नगर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के घेरने पर बदमाश ने फायरिंग की, जिसमें पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाईं। बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसने पांच महीने पहले आवास विकास कॉलोनी में व्यापारी से 40 हजार रुपये की लूट की थी।
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी निवासी राकेश अग्रवाल की बोदला बाजार में परचून की दुकान है। मार्च में वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने थैला लूट लिया था। इसमें 40 हजार रुपये थे। पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया था। एक बदमाश दीपू उर्फ दीपक फरार था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि सोमवार रात को ट्रांसपोर्ट नगर में चेकिंग की जा रही थी। तभी सूचना मिली कि इनामी बदमाश दीपक उर्फ दीपू निवासी शारदा विहार कॉलोनी किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर ली। एक बाइक पर बदमाश आता नजर आया। रुकने की कहने पर बाइक मोड़कर जाने लगा। मगर, बाइक फिसल गई। इस पर पुलिसकर्मियों ने पकड़ने की कोशिश की। मगर, बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाईं। इसमें एक पैर में गोली लगने से इनामी घायल हो गया। उसे अस्पताल में उपचार कराया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा और बाइक बरामद हुई।