शुक्रवार दोपहर को दो युवक आए। वह मकान दिखाने की कहने लगे। मगर, उन्होंने मना कर दिया। कहा कि आगे कॉलोनी में देख लो। यही युवक दो दिन पहले भी आए थे। मगर, युवक आकर चारपाई पर बैठ गए। इसके बाद दो बार में चार लोग और आ गए। चारों ने मास्क लगा रखा था। इसके बाद पानी पीने के लिए मांगने लगे। इस पर ओमप्रकाश ने नाती कार्तिक से पानी मंगाया। वह पानी लेने के लिए जैसे ही पीछे मुड़ा, बदमाशों ने ओमप्रकाश का गला पकड़ लिया। किरायेदार पवन भी बैठा था। दोनों को बंधक बनाने के बाद अंदर कमरे में ले गए। दो बदमाशों ने हथियार भी निकाल लिए। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अलमारी की चाबी मांगने लगे। घर के दूसरे कमरे में बेटी पुष्पा और नातिन मौजूद थी। उन पर हथियार तान दिए। इसके बाद घर की तलाशी लेने लगे। तीन बदमाश परिवार के लोगों पर हथियार तानकर खड़े रहे।
बेटी ने दिखाया साहस, बचा ली वारदात
ओमप्रकाश की बेटी पुष्पा किसी तरह घर की छत पर पहुंच गई। वह शोर मचाने लगी। इसका पता बदमाशों को चल गया। पकड़े जाने के डर से वो घर से निकलकर भाग गए। एसपी सिटी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
सात साल की ईसानी पर भी तान दिया था तमंचा
परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने सात साल की इशानी पर भी तमंचा तान दिया था। उसके शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी थी। इससे परिजन दहशत में आ गए। उधर, ओमप्रकाश भी गला पकड़े जाने से बेहोश हो गए। बाद में उन्हें होश आया। तब पुलिस को सूचना दी। इस पर एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की। इसमें बदमाश भागते हुए नजर आए। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास में लगी है।
छोटे बेटे की शादी की चल रही तैयारी
ओमप्रकाश ने बताया कि छोटे बेटे सुनील की 27 नवंबर की शादी है। इसको लेकर घर में तैयारी चल रही है। वहीं बेटी पुष्पा भी आई हुई थी। उसके जेवरात और 60 हजार रुपये रखे हुए थे। अभी अलमारी चेक कर रहे हैं। रुपयों के बारे में पता किया जा रहा है। वह पुलिस को तहरीर देने जाएंगे।
पुलिस छिपाती रही मामला
घर में लूट की सूचना शुक्रवार दोपहर को सोशल मीडिया पर आई थी। इस पर अधिकारियों के फोन थाना पुलिस के पास पहुंचे। मगर, पुलिस ने यही कहा कि घर में मामूली झगड़ा हो गया था।
फिरोजाबाद: बुखार से मौत का सिलसिला जारी, तीन बच्चों सहित पांच ने तोड़ा दम, 121 पहुंची मृतकों की संख्या