आगरा। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में एक और आरोपी चिकित्सक डॉ. अनुराग सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मथुरा निवासी है। इस पर जांच कराने के लिए 20 हजार रुपये कमीशन लेने का आरोप है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के मुताबिक, हरियाणा एसटीएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को ट्रांस यमुना कालोनी स्थित प्रिया हॉस्पिटल में छापा मारकर भ्रूण लिंग परीक्षण का मामला पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने संचालक डॉ. राजीव कुमार, कर्मचारी राजेश, नौशाद और गर्भपात कराने वाली महिला के पति अवनीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पीसीपीएनडीटी (पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक) सेल के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र भारती ने थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी एत्मादपुर निवासी रामकिशोर, टेढ़ी बगिया निवासी नर्स सरिता, ताबड़ू निवासी डॉ. तसलीमा और डॉ. अनुराग सिंह फरार थे।
सोमवार को पुलिस ने डॉ. अनुराग को रामबाग चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मथुरा के थाना गोविंदनगर स्थित अग्रसेन नगर का निवासी है। थाना के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि आरोपी ने भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए कमीशन के 20 हजार रुपये लिए थे। यह पहले प्रिया हॉस्पिटल में मरीज देखता था, अब उन्नाव के एक हॉस्पिटल में कार्यरत है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश में पुलिस टीमें लगी हैं।
बॉक्स
अभी रडार पर कई लोग
हरियाणा की एसटीएफ ने आगरा में छापा मारकर भ्रूण लिंग परीक्षण का मामला पकड़ा। पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। अभी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस टीमें लगी हैं। उधर, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि कई और सेंटर में भ्रूण लिंग परीक्षण कराने की जानकारी मिली है। टीमें गोपनीय तरीके से जांच कर रही हैं। इस कार्य में लिप्त लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।