आगरा के फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के गांव शीतलकुंड में बने 100 वर्ष पुराने शीतलकुंड मंदिर के दिन अब संवरने जा रहे हैं। पर्यटन विभाग एक करोड़ रुपये से इसका जीर्णोद्धार कराएगा। मंदिर और आसपास आधुनिक सुविधाएं बढ़ेंगी, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले।
पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में सोलर लाइटें लगेंगी। डस्टबिन रखे जाएंगे। बुजुर्गों और आगंतुकों के बैठने के लिए बेंच लगेंगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के ठहरने के लिए एक सुविधायुक्त हॉल का निर्माण होगा। हॉल में धार्मिक आयोजन और सामूहिक कार्यक्रम भी हो सकेंगे।
इसके अलावा योग और ध्यान को बढ़ावा देने के लिए मंदिर परिसर के पास एक विशेष पार्क विकसित होगा। सुबह-शाम योग और ध्यान सत्र आयोजित होंगे। विधायक चौधरी बाबूलाल ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए शासन स्तर पर इसके लिए लगातार प्रयास किए। स्थानीय लोगों में भी इस योजना को लेकर उत्साह है।