मैनपुरी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में फर्जी शिक्षिकाओं के तैनाती मामले की जड़ें मैनपुरी में काफी गहरी निकल रही हैं। जौनपुर और आजमगढ़ में प्रीति यादव के तार मैनपुरी से जुड़े होने के बाद अब अलीगढ़ में बबली से अनामिका बनी शिक्षिका ने भी मैनपुरी से फर्जी अभिलेखों की बात कही है। बबली ने मैनपुरी के अपने एक रिश्तेदार और मास्टर माइंड पुष्पेंद्र के साथ ही राजबेटी का नाम उजागर किया है।
अलीगढ़ के बिजौली स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अनामिका शुक्ला के अभिलेखों से नौकरी करने वाली कानपुर निवासी बबली ने पुलिस हिरासत में बताया कि उसके अभिलेख मैनपुरी निवासी उसके जीजा बल्लू यादव ने मैनपुरी के नगला खरा निवासी पुष्पेंद्र कुमार और राजबेटी की मदद से तैयार कराए थे। अलीगढ़ पुलिस को अब मैनपुरी निवासी बल्लू यादव और राजबेटी की तलाश है। बेसिक शिक्षा विभाग में भी इस नाम के लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुष्पेंद्र और भावना की तलाश में कई से पूछताछ
चर्चित शिक्षिका अनामिका शुक्ला मामले की जांच कर रही एसटीएफ फर्जी नियुक्ति के मास्टर माइंड पुष्पेंद्र उर्फ राज उर्फ गुरुजी की तलाश में जिले में ही डेरा डाले हुए हैं। एसटीएफ को पुष्पेंद्र के संपर्क में आने वाली भैंसरोली निवासी भावना की भी तलाश है। एसटीएफ ने सोमवार को इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ की। दूसरी तरफ एसटीएम की नजर अलीगढ़ पुलिस हिरासत में आई बबली यादव के रिश्तेदारों पर भी है। सूत्रों की मानें तो एसटीएम के हाथ अहम सूत्र लगे हैं। जिले के कई और चेहरे भी इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं।