कासगंज। दिल्ली के एम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद अल्ताफ का शव वापस कासगंज लाया गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में अल्ताफ के शव को परिजन ने दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
अल्ताफ के शव को मंगलवार को बिलराम गेट के कब्रिस्तान से मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में निकाला गया। टीम के साथ अल्ताफ का शव हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार एम्स ले जाया गया। जहां बुधवार को एम्स के चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके पश्चात देर रात्रि अल्ताफ का शव यहां पहुंचा। बृहस्पतिवार को अल्ताफ का शव कब्र में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अल्ताफ के पिता चंाद मियां ने अल्ताफ की हत्या की आशंका के चलते इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पुन: पोस्टमार्टम कराने के लिए याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने चांद मियां की याचिका मंजूर करके जिले के पुलिस अधीक्षक को एम्स में पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट के निर्देश पर पुन: पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। अल्ताफ का शव कब्र से निकालने से लेकर पोस्टमार्टम होने और सुपुर्द-ए-खाक करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अल्ताफ के शव को दफना दिया गया है।