आगरा। विश्वविद्यालय के छात्र ने सीनियर छात्रों पर जूनियर से रैगिंग करने और विरोध करने पर बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया है। उन्होंने हरीपर्वत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पालीवाल पार्क कैंपस में मास्टर ऑफ सोशल मार्क (एमएसडब्ल्यू) के छात्र ने आरोपियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ा बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामबाग की न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी भानु प्रताप सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि वह डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में मास्टर ऑफ सोशल मार्क (एमएसडब्ल्यू) के छात्र हैं। उनके सीनियर छात्र रमन शर्मा, आकाश शर्मा और गोविंद खुद को एबीवीपी से जुड़ा बताते हैं। 11 फरवरी की दोपहर 2:30 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर 3 पर आरोपियों ने अपने 4 से 5 साथियों के साथ रोक लिया।
खुद को सीनियर बताकर रैगिंग की, विरोध करने पर बेल्ट से पीटा। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी का कहना है कि तीनों आरोपी एबीवीपी के सदस्य या पदाधिकारी नहीं हैं।
-
दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
अनुशासन कमेटी के संज्ञान में मामला आया है। जांच की जा रही है। यदि आरोपी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो. आशु रानी, कुलपति, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय