गिरिराज महाराज की पूजा करते अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मथुरा के बाजना स्थित मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित किया। उनके साथ मंच पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। महापंचायत से पहले शुक्रवार को अखिलेश यादव ने गोवर्धन में गिरिराज महाराज के दर्शन किए। इससे पूर्व गुरुवार को वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
अखिलेश यादव गुरुवार शाम को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने यहां ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन किए। शुक्रवार को वह गोवर्धन पहुंचे, जहां गिरिराज महाराज के दर्शन किए। मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसानों को संबोधित करेंगे। किसान महापंचायत से पहले अखिलेश यादव ने बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा, आज उठेगी कृष्ण की धरती से हलधर बलराम की पुकार, किसानों की महापंचायत बदलेगी अपने देश का इतिहास!
गुरुवार को पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास विकास का अपना कोई ब्लूप्रिंट नहीं है। पूर्व सरकारों की परियोजनाओं का उद्घाटन हो चुका है अब फिर से उन्हीं का उद्घाटन करने में ये व्यस्त हैं। उन्हीं कार्यों का प्रचार भी मुख्यमंत्री कर रहे हैं। भाजपा विकास के नाम पर विनाश की राजनीति कर रही है।