उत्तर प्रदेश के टॉप-10 अपराधियों में शामिल कुख्यात माफिया ध्रुव कुमार उर्फ कुंटू सिंह आजमगढ़ से कासगंज की जिला जेल में पहुंच गया है। जेल प्रशासन ने माफिया को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा है। अफसरों के मुताबिक कुंटू पर पूर्व विधायक और पूर्व ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख की हत्या सहित 65 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आजमगढ़ के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह की हत्या के मामले में वहां की जेल में बंद कुख्यात माफिया कुंटू सिंह ने पिछले महीने जेल से ही साजिश रच कर मऊ के पूर्व ज्येष्ठ ब्लाक अजीत सिंह की हत्या करा दी थी। शासन प्रशासन को आशंका थी कि आजमगढ़ जेल में कुख्यात माफिया कोई और साजिश रच सकता है। ऐसे में उसके स्थानांतरण की प्रक्रिया हुई।
शासन से निर्देश मिलने के बाद माफिया कुंटू सिंह को कासगंज जिला जेल लाया गया है। पचलाना स्थित जिला जेल में कुंटू को सोमवार सुबह 11.03 मिनट पर दाखिल कराया गया। यहां उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। बैरक के आस पास कुख्यात माफिया की कड़ी निगरानी के लिए पहरेदारी भी चुस्त दुरुस्त की गई है।