आगरा में बारिश और ओलावृष्टि से आलू और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग ने पीड़ित किसानों को फसल के नुकसान की भरपाई के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। इसके अलावा प्रधानों और विभागीय कर्मचारियों को बीमा दावे के फार्म उपलब्ध करवाए हैं। पीड़ित किसान फार्म भेजकर 72 घंटे के भीतर उप निदेशक, कृषि कार्यालय पचकुइयां पर जमा करा सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. रामप्रवेश वर्मा ने बताया कि बारिश व ओलों से आलू के पत्ते फटने और सरसों के फूल झड़ने या फसल पलटने की स्थितियां पैदा होती हैं। किसान अपने आलू के खेतों में भरे पानी को निकाल दें, पानी भरा रहने से ज्यादा नुकसान की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों का केवाईसी है, वह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान की जानकारी देने के लिए टोल फ्री नंबर 18002005142 पर स़ंपर्क कर सकते हैं। कृषि अधिकारी का कहना है कि यदि अगले दो दिन भी मौसम में बदलाव नहीं होता है और लगातार बारिश होती है तो आलू और सरसों की फसलों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। विभाग लगातार नुकसान पर नजर रखे हुए हैं।