सीकरी में बालिका की मौत, 13 बुखार के मरीज
ग्राम मंडी गुड़ में रविवार को बुखार से छह वर्षीय बालिका प्रिया की मौत हो गई। इनके पिता ज्ञानी कुशवाहा ने बताया कि तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था और इसका इलाज भरतपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। गांव में 13 लोगों को बुखार आ रहा है। सुशील, गिरजा, बालक जतिन, राहुल, कृष्णा, बॉबी, नारायण सिंह, मनोज, पुष्पेंद्र, सुनील, देवेश, उमेश, मोनू आदि बीमार हैं।
मिढकौली में बच्ची की मौत, भाई भी बीमार
बाह के मिढकौली गांव निवासी राजेश की बेटी सुहाना (5) ने बुखार से दम तोड़ दिया। इसका एक साल का भाई प्रिंस भी बुखार से तप रहा है। परिजनों ने बताया कि सुहाना को 8 दिन पहले बुखार आया था। पहले बाह और बाद में फतेहाबाद में उसका इलाज कराया जा रहा था।
क्लीनिक के डॉक्टरों ने डेंगू होने की बात कही थी, जिसके बाद उसे आगरा में भर्ती कराया गया था। यहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मिढकौली गांव में अब तक आठ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। घर घर वायरल पीड़ितों की चारपाइयां बिछी हैं। सुहाना की मौत से गांव में हड़कंप मच गया है। परिवार में मातम पसर गया है।
प्लेटलेट्स लेकर पहुंचे पिता को अस्पताल में मिला बेटी का शव
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही सुहाना को बचाने के लिए उसके पिता राजेश ने पूरी जान लगा दी थी। प्लेटलेट्स कम होने से सुहाना बेसुध हो गई थी। डॉक्टरों ने प्लेटलेट्स की जरूरत बताई तो शुक्रवार को राजेश ने बेटी को एक यूनिट प्लेटलेट्स दी।
इसके बाद भी तबियत में सुधार नहीं हुआ। फिर राजेश ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स लेने के लिए गया था। सुहाना की दादी कमला ने बताया कि जब राजेश प्लेटलेट्स लेकर अस्पताल पहुंचा तो बेड पर बेटी का शव मिला।