आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को 64वीं माध्यमिक विद्यालयीय उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडलायुक्त अनिल कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अंडर-19 बालक वर्ग का उद्घाटन मैच गोरखपुर मंडल और अलीगढ़ मंडल के मध्य खेला गया।
इस मुकाबले में गोरखपुर ने अलीगढ़ को 29-9 से हरा दिया। दूसरे मैच में इलाहाबाद ने सहारनपुर को 27-18 से हराया। अंडर-19 बालिका वर्ग में खेले गए मैच में मेरठ ने मुरादाबाद की टीम को 34-4 से पराजित किया। आगरा और अलीगढ़ के मध्य हुआ मैच एकतरफा रहा। इस मैच में आगरा ने अलीगढ़ को 43-8 से हराया।
प्रतियोगिता के निर्णायकों में परमजीत सिंह, सचिन जोशी, शैलेंद्र सोनी, प्रतिभा रावत जैन, राहुल सक्सेना, कुलदीप सिंह, आलोक कुमार, श्यामवीर सिंह, शुभम जैन, अभिषेक शर्मा, आशीष शर्मा, नमन दीप सिंह थे। मुख्य अतिथि का स्वागत संयुक्त शिक्षा निदेशक अरविंद पांडे, मंडलीय उप शिक्षा निदेशक जितेंद्र कुमार मलिक, जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने किया।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव डॉ. अनिल वशिष्ठ ने प्रतियोगिता की आख्या प्रस्तुत की। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। मंडलीय क्रीड़ा सचिव डॉ. चतुर सिंह, अशोक वर्मा, डॉ. एसडी पांडे, डॉ. एसके सिंह, डॉ. अतुल कुमार जैन आदि उपस्थित थे।