युद्धग्रस्त यूक्रेन से सही सलामत वापस आ रही आगरा के दयालबाग की रहने वाली छात्रा उदिशा गुप्ता ने रोमानिया के एयरपोर्ट से घर वापसी की फ्लाइट में बैठते समय वीडियो संदेश भेजे हैं, जिनमें उन्होंने वहां के मुश्किल हालात का जिक्र किया है और यूक्रेन से सही सलामत घर लौटने के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है।
उदिशा ने वीडियो में कहा कि भारतीय छात्रों का समूह शनिवार से यूक्रेन के रोमानिया बार्डर पर फंसा रहा। पांच किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। चार घंटे बार्डर पार करने में लगे। ग्रुप में 200 से अधिक भारतीय छात्र थे। बार्डर पार कर पहुंचने पर रोमानिया के लोगों ने उनकी बहुत मदद की। उन्होंने बताया कि रोमानियाई लोगों ने हमें खाना दिया। गर्म कंबल दिए। आराम करने के लिए लॉज दिया।
उदिशा ने वहां से उन्हें निकालने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा है। अन्य फंसे हुए छात्रों के लिए प्रार्थना की। सुबह 10 बजे रोमानिया एयरपोर्ट से उदिशा की फ्लाइट ने भारत के लिए उड़ान भरी है। आगरा में जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के आदेश पर जिला आपदा विशेषज्ञ प्रवीन किशोर उदिशा व उनके परिजनों के निरंतर संपर्क में बने हुए हैं। यूक्रेन से दिल्ली तक फ्लाइट को आने में करीब आठ घंटे का समय लगता है।
एटा के रवि यादव हंगरी से होंगे रवाना