वैलेंटाइन डे पर 14 साल की किशोरी परिजन के डांटने पर नाराज होकर घर से निकल गई। ट्रेन में बैठकर मुंबई की राह पकड़ ली। परेशान परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली। किशोरी के व्हाट्सएप स्टेटस के वीडियो से पुलिस की खोज आसान हुई। 30 घंटे में उसे महाराष्ट्र के अमरावती में रेलवे पुलिस की मदद से बरामद कर लिया।
थाने लाकर परिजन के सुपुर्द कर दिया। घटना 14 फरवरी की है। किशोरी का परिजन से किसी बात पर विवाद हो गया। वह नाराज होकर घर से निकल गई। पहले परिजन ने खुद ही उसे तलाश किया। बाद में पुलिस को सूचना दी। किशोरी के पास मोबाइल था, लेकिन वो कॉल रिसीव नहीं कर रही थी।
मामले में थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार साही और एसआई गौरव कुमार राठी लगे। सर्विलांस की मदद ली गई। काॅल डिटेल भी खंगाली गई। उसके व्हाट्सएप स्टेट और फेसबुक प्रोफाइल को चेक किया गया। एक वीडियो ने पुलिस की खोज को आसान कर दिया। वह किशोरी तक पहुंच गई। उसे परिजन तक सुरक्षित पहुंचा दिया।
सर्विलांस से मिली पुलिस को सफलता
-मोबाइल की लोकेशन कैंट रेलवे स्टेशन की आई थी। इस पर पुलिस स्टेशन पहुंची। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। किशोरी गोंडवाना एक्सप्रेस में बैठी थी।
-पुलिस ने सर्विलांस से ट्रेन की टाइमिंग को पता किया। वहीं किशोरी की लोकेशन भी मिल रही थी।
-किशोरी ने तकरीबन आठ घंटे बाद व्हाट्सएप स्टेटस पर एक वीडियो डाला। इसमें स्टेशन नजर आ रहा था। नाम भी लिखा था। लेकिन, वो वीडियो में स्पष्ट नहीं दिख रहा था।
-पुलिस ने ट्रेन और मोबाइल की लोकेशन से स्टेशन का पता किया। यह बड़नेरा था, जो कि महाराष्ट्र के अमरावती जिले में आता है। यह नागपुर रेल मंडल में पड़ता था।
-किशोरी पहले रायुपर पहुंची थी। इसके बाद नागपुर की ट्रेन में बैठ गई थी। इस ट्रेन से मुंबई भी जाया जा सकता था।
-पुलिस को लग रहा था कि किशोरी मुंबई पहुंची तो गलत हाथों में जा सकती है। इसलिए खोजबीन तेज की गई।
-अमरावती में रेलवे पुलिस से संपर्क किया। किशोरी का फोटो भेजा। रेलवे स्टेशन पर आने वाली सभी ट्रेनों में उसकी तलाश की गई।
-15 फरवरी की रात 10 बजे किशोरी लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में बरामद हो गई। उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया।
-शनिवार को आगरा लाया गया, बयान दर्ज किए गए। इसके बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन ने पुलिस का धन्यवाद दिया।
(थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार साही के मुताबिक)