महाशिवरात्रि से पहले कांवड़ लेने ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर जा रहे एक युवक की मारहरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। इसके बाद ट्रैक्टर सवार लोग बिना कांवड़ के लिए शव को लेकर वापस हो गए। खुशी के माहौल में कांवड़ियों के बीच गम का माहौल पैदा हो गया। पुलिस को खबर देकर शव को मेडिकल कॉलेज लेकर आए।
यहां की है घटना
थाना मारहरा क्षेत्र कासगंज-सिकंद्राराऊ मार्ग स्थित गांव नगला भीम व पिवारी के बीच ईंट भट्टा के पास ट्रैक्टर ट्रॉली से विजय कुमार (18) निवासी धौकेली थाना सिकंद्राराऊ जिला हाथरस की गिरकर मौत हुई है। युवक अपने ही ट्रैक्टर ट्रॉली से करीब 20 से 25 लोगों के साथ सवार होकर कांवड़ लेने के लिए जा रहा था। ट्रैक्टर मृतक का भाई बंटू सिंह चला रहा था, तभी अचानक से गिरकर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया और मौके पर ही मौत हो गई।
चचेरे भाई लोकेंद्र कुमार ने बताया कि गांव से शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे निकले थे। कांवड़ लेने के लिए कछला गंगा घाट जा रहे थे, तभी अचानक से विजय गिर गया। पुलिस को खबर देकर मेडिकल कॉलेज लेकर आए तो यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि इसके बाद सभी लोग शव के साथ मेडिकल कॉलेज आ गए और कांवड़ लेने जाने का कार्यक्रम निरस्त कर दिया।
वहीं थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर कांवड़ लेने जा रहे युवक की मौत हुई है। पास में ही पिवारी चौकी है, यहां पर लोगों ने सूचना दी, इसके बाद युवक को मेडिकल कॉलेज लाया गया, मृत घोषित करने पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
भाई बहन सहित हादसों में चार घायल
जिला में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में भाई बहन सहित चार लोग घायल हुए हैं। थाना रिजोर क्षेत्र शिकोहाबाद रोड स्थित एका मोड के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सुनील कुमार और इसकी बहन मधु निवासी बजीरपुर थाना मटसैना जिला फिरोजाबाद घायल हो गए। थाना सकीट क्षेत्र स्थित गांव बावली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कालीचरन निवासी घुटलई और विष्णु दयाल निवासी उमरायपुर थाना मलावन घायल हुए हैं। चारों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।