पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 53 मवेशी बरामद किए, जिनमें तीन भैंस और एक पड़वा मृत मिले। पुलिस ने पशुओं को अमानवीय तरीके से ढोने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर ट्रक और नकदी जब्त करते हुए पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
आगरा के एत्मादपुर थाना पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 53 मवेशी बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट के निर्देश पर अभियान के तहत एत्मादपुर पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें कुल 53 मवेशी पाए गए। इनमें 40 भैंस, दो भैंसा, तीन पड़िया, चार पड़वा के अलावा तीन मृत भैंस और एक मृत पड़वा भी शामिल थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। उनके बैठने, खड़े होने, हवा और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें अत्यधिक पीड़ा हो रही थी। पुलिस ने वाहन चालक के पास से 3,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। सभी जीवित पशुओं का पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण कराया गया, जबकि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस मामले में थाना एत्मादपुर पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में भूरा धौलपुर, राजस्थान, इब्राहिम कुरैशी, जासिर खान, इमरान खान सभी निवासी सिरोंज, विदिशा, मध्य प्रदेश तथा नदीम बेग धौलपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। जबकि एक ट्रक, 53 मवेशी, 3000 रुपये नकद बरामद किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।