एसटीएफ और एत्माद्दौला थाना पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को झरना नाला से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। वो कंटेनर में खास चेंबर बनाकर तीन कुंतल गांजा लेकर आए थे। दो आरोपी कार से आगे-आगे चल रहे थे, जिससे पुलिस चेकिंग का पता किया जा सके। गांजा की सप्लाई दिल्ली एनसीआर में होनी थी। इसे एक्सप्रेस वे के रास्ते लेकर जाते। गांजा की बाजार में कीमत तकरीबन 75 लाख रुपये है।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि एत्माद्दौला पुलिस और एसटीएफ झरना नाला मंडी समिति के पास चेकिंग कर रही थी। तभी इटावा की ओर से ब्रिजा कार की आने की जानकारी मिली। बताया गया कि इसमें असलाह हो सकते हैं। कार को रोक लिया गया। उसमें सवार आरोपियों ने अपने नाम हरियाणा के पलवल निवासी देवदत्त उर्फ चिंटू और अलीगढ़ के टप्पल निवासी कालीचरण बताए। पूछताछ में कहा कि गांजा की तस्करी करते हैं। उनका कंटेनर पीछे चल रहा था। इस पर पुलिस ने कंटेनर को रोक लिया। कार से दोनों कंटेनर के आगे चल रहे थे, जिससे पुलिस चेकिंग के बारे में बताया जा सके।
छत के नीचे बने चेंबर में गांजा छिपा हुआ था
कंटनेर खाली था। मगर, उसके केबिन के पास छत के नीचे बने चेंबर में गांजा छिपा हुआ था। पुलिस को चार बोल्ट खोलने पर 15 कटटों में तीन कुंतल गांजा मिला। चालक होडल निवासी वीरेंद्र उर्फ बीरू था। आरोपियों के पास से एक तमंचा, कंटेनर, कार, 11810 रुपये, चार फोन, दो ड्राइविंग लाइसेेंस, दो आधार कार्ड, एक पेन कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद हुआ।