चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनते प्रमुख सचिव स्वास्थ्य
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान शौचालय निर्माण में सरकार की ओर से मिलने वाली धनराशि में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी।
एत्मादपुर के नवलपुर में चौपाल के दौरान कई ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण के लिए दूसरी या तीसरी किस्त न मिलने की शिकायत की। प्रमुख सचिव ने इन शिकायतों का परीक्षण किया तो रिकॉर्ड में इनका भुगतान दर्शाया गया। इस पर उन्होंने एडीओ (पंचायत) और ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।
नवलपुर में लगाई चौपाल
सरकारी की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लोगों को मिल पा रहा है या नहीं, इसकी सत्यता परखने के लिए प्रमुख सचिव शुक्रवार को निरीक्षण पर निकले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली अहीर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटौरा का निरीक्षण करने के बाद गांव नवलपुर में चौपाल लगाई।
यहां ग्रामीणों से बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर की स्थिति, शौचालयों के निर्माण की प्रगति, बिजली बिल, पेंशन, पेयजल, हैंडपंप री-बोर आदि योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान डीएम एनजी रवि कुमार, एसएसपी बबलू कुमार, परियोजना निदेशक अवधेश कुमार वाजपेयी आदि मौजूद थे। प्रमुख सचिव आज भी किसी विभाग का निरीक्षण कर सकते हैं।