फतेहाबाद। साधन सहकारी समिति नगर चंद पर बुधवार सुबह से डीएपी खाद के लिए किसान पहुंच गए थे। दोपहर तक लाइन में खड़े होने के बाद खाद नहीं मिली। इसका उनमें गुस्सा भी दिखा। वहीं शाम तक समिति में जमे रहने के बाद भी तमाम किसान बैरंग लौटे। किसानों ने वितरण में मनमानी का आरोप भी लगाया। बोले-डीएपी नहीं मिलने से आलू, सरसों, गेहूं की बुआई पिछड़ रही है।
साधन सहकारी समिति में डीएम के लिए पहुंचे पारौली सिकरवार गांव के किसान बाबूराम ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से लगातार समिति के चक्कर लगा रहे हैं।सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक खाद नहीं मिल पाई। सचिव का कहना है कि बृहस्पतिवार को खाद दी जाएगी। आरोप लगाया कि चहेतों को खाद बांटी गई है। छतरियापुरा के किसान पप्पू सिंह ने बताया कि दो दिन से लगातार समिति आ रहे हैं, लेकिन डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। नगर चंद के किसान फोरन सिंह ने भी कहा कि वे तीन दिन से लगातार समिति जा रहे हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिली।
किसानों के हंगामे के बाद हुआ डीएपी का वितरण
बरौली अहीर पिनाहट। बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति बरौली अहीर पर 15 दिनों बाद डीएपी आने की सूचना पर बुधवार को बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। दोपहर तक समिति का ताला न खुलने से किसानों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कराया और अपनी देखरेख में वितरण शुरू कराया। किसान सुबह 6 बजे से डीएपी के लिए लाइन में लग गए थे। करीब साढ़े 11 बजे तक समिति का ताला न खुलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। सचिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि एक दिन में 60-70 पैकेट का ही वितरण हो पाता है। 500 पैकेट डीएपी आई है। स्टाक रहने तक बांटी जाएगी। पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के गांव बीचका पूरा उपकेंद्र पर बुधवार को डीएपी के लिए किसानों की सुबह से ही लाइन लग गई थी। भीड़ के कारण पुलिस की मौजूदगी में किसानों क़ो खाद का वितरण किया गया। किसानों ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में डीएपी की समस्या बनी हुई है। किसानों क़ो जरुरत के अनुसार डीएपी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसानों ने अधिक डीएपी खाद की मांग की है।
मिढ़ाकुर में 900 पैकेट डीएपी बांटी गई
बिचपुरी। बिचपुरी ब्लॉक के कस्बा मिढ़ाकुर में स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर बुधवार को डीएपी खाद का वितरण किया गया। प्रधान हाकिम सिंह, किसान हरिभान सिंह, समुद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, रामभरोसी शर्मा आदि ने कहा कि बुआई के लिए डीएपी की जरूरत थी। वहीं, मिढ़ाकुर समिति के सचिव अशोक कुमार ने बताया है समिति पर डीएपी का स्टॉक खत्म हो गया है। शनिवार और रविवार को समिति पर 900 पैकेट आए थे। अब समिति पर एनपीके 188 पैकेट और यूरिया के 1099 पैकेट उपलब्ध हैं। दो-तीन में समिति पर डीएपी आने की संभावना है।
जरूरत के मुताबिक किसान लें डीएपी
किसानों को जरूरत के मुताबिक डीएपी उपलब्ध कराई जा रही है। डीएपी की कोई कमी नहीं है। जिले की 97 समितियों पर समय-समय पर वितरण हो रहा है। किसानों से अपील है कि वे जरूरत के हिसाब से ही डीएपी लें। इसका भंडारण न करें। - विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी, आगरा
साधन सहकारी समिति पर खाद न मिलने से परेशान किसान ,दूसरे चित्र में खाद के लिए लाइन में लगे किसान- फोटो : Samvad
साधन सहकारी समिति पर खाद न मिलने से परेशान किसान ,दूसरे चित्र में खाद के लिए लाइन में लगे किसान- फोटो : Samvad