आगरा। फतेहाबाद रोड पर एटीएम से रकम निकालने गए बुजुर्ग का डेबिट कार्ड युवक ने मदद के बहाने बदल लिया। इसके बाद उनके खाते से एक लाख रुपये कट गए। ताजगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
श्यामो गांव निवासी छत्तर सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल को शाम करीब 5:15 बजे वह फतेहाबाद रोड पर सागा इंपोरियम के सामने हिताची कंपनी के एटीएम पर रकम निकालने पहुंचे थे। एक अज्ञात युवक उनके पीछे खड़ा हो गया और चुपके से उनका एटीएम पिन नंबर देख लिया। उसने 5000 रुपये निकालने में मदद की। मदद के दौरान ही उसने डेबिट कार्ड बदलकर उन्हें दूसरा कार्ड पकड़ा दिया।
रात करीब 9 बजे उनके मोबाइल पर रकम निकासी का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। जानकारी करने पर पता चला कि उनके एसबीआई खाते से करीब एक लाख रुपये निकल गए। जानकारी के अभाव में वह कार्ड तत्काल ब्लॉक नहीं करा सके। अगले दिन बैंक शाखा पहुंचकर कार्ड बंद कराया। रकम उन्होंने बुढ़ापे में काम आने के लिए जोड़ कर रखी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।