आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने सुपर स्पेशियलिटी सेंटर की आठ गंभीर रोगों की ओपीडी शुरू हो गई है। अभी ये सामान्य ओपीडी में संचालित है। अगले महीने इमारत का निर्माण कार्य पूरा होने पर ये संबंधित विभागों में संचालित होंगी।
एसएन प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में सर्जरी और मेडिसिन ब्लॉक हैं। इसमें शासन की ओर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्तियां हो गई हैं। इनकी ओपीडी शुरू हो गई है। अभी ये सामान्य ओपीडी परिसर में सप्ताह के छह दिन (रविवार को छोड़कर) सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक लगती हैं। इमारत का कार्य पूरा होने के बाद इसमें संबंधित विभाग स्थानांतरित कर दिए जाएंगे।
सर्जरी ब्लाक में गेस्ट्रो सर्जरी, यूरो सर्जरी, कार्डियक थोरायसिस एंड वैस्कुलर सर्जरी, कैंसर सर्जरी में विशेषज्ञ सर्जन मरीजों की ओपीडी कर रहे हैं। इसमें कैंसर, पेट रोग, फेफड़े के रोग, पेशाब संबंधी बीमारियों की सर्जरी की जाएगी।
-मेडिसिन ब्लॉक में यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, एंड्रोक्राइनोलॉजी और गेस्ट्रोइंटरोलॉजी की ओपीडी शुरू हो गई है। यहां नेफ्रोलॉजी की ओपीडी पहले से ही संचालित है।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश शर्मा ने बताया कि इमारत में 15 फीसदी कार्य बाकी है। कार्यदायी संस्था ने इसे 15-20 दिन में पूरा करने को कहा है। 200 करोड़ रुपये के बजट में 92 करोड़ के सभी उपकरण होंगे। इनकी खरीद शुरू हो गई है। कुछ उपकरण एसएन को प्राप्त भी हो गए हैं। अगले महीने तक लगभग सभी उपकरण प्राप्त हो जाएंगे।