बारिश में विद्युत दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों के पास कोई दुकान, ठेल या फड़ नहीं लगाई जा सकेगी। नगर निगम ऐसे दुकानदारों और ठेल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि सावन में लगने वाले मेलों के दौरान बिजली और स्ट्रीट लाइट के खंभों के पास दुकान नहीं लगने दी जाएगी। दरअसल, बारिश में किसी कारणवश खंभे में करंट उतर आता है तो दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बीते माह में कई खोखा संचालक और दुकानदार स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन से चोरी की बिजली उपयोग करते हुए भी पकड़े गए हैं। इसलिए घने और प्रमुख बाजारों राजामंडी, बिजलीघर, रूई की मंडी, टेढ़ी बगिया, रावतपाड़ा, आवास विकास, शास्त्रीपुरम, बोदला, सिकंदरा, बेलनगंज आदि जगहों पर दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। निगम की टीमें नियमित रूप से इन बाजारों का निरीक्षण करेंगी और बिजली के खंभों के पास से दुकानदारों को हटाएंगी। उन्होंने अपील की कि स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों से बारिश में दूरी बनाए रखें। निगम ने सुरक्षा के लिए पीवीसी पाइप और कोटिंग कराई है लेकिन करंट से बचाव के लिए दूरी बनाना ही बेहतर है।
ये भी पढ़ें - गुरु पूर्णिमा पर मिली सौगात: कुर्रा चित्तरपुर में दशकों पुराने स्कूल को मिला नया भवन, फीता काटकर हुआ लोकार्पण
दस लाख से बनेगी सड़क और नाली
वार्ड 47 आवास विकास पूर्वी के सेक्टर-6 डी में पार्षद निरंजन सिंह कैम ने कॉलोनी के लोगों के साथ नाली और इंटरलॉकिंग युक्त सड़क का शिलान्यास किया। इस पर लगभग 10 लाख रुपये खर्च होंगे। पूर्व पार्षद श्यामवीर सिंह, मनोज शर्मा ने नारियल तोड़कर शिलान्यास किया। इस दौरान सुधीर शर्मा, जवाहर सिंह, चौधरी मुकेश पाराशर, बृज किशोर शर्मा, राधेश्याम भारद्वाज, ओमप्रकाश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - UP: यूपी पुलिस की दरोगा सुनीता यादव ने रचा इतिहास, महिला व पुरुष दोनों श्रेणियों में जीते आठ पदक